नीमच। अपनी लाडली बिटिया के लिए गिड़गिड़ा कर ओमप्रकाश रेगर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को फरियाद की है कि आपने वादा किया है कि आप लाडली बहना को कभी मजबूर नहीं होने देंगे। लेकिन आपके वादे के बावजूद मेरी पुत्री और मुझे न्याय नहीं मिल पा रहा है। मैं दर-दर भटक रहा हूं। पुलिस अधिकारी मेरी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
दरअसल जनसुनवाई में पहुंचे नीमच जिले के गांव दारु के निवासी ओमप्रकाश रेगर ने मुख्यमंत्री के नाम एक चिट्ठी लिखी है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह 7 वर्ष पूर्व हुआ था। एक साल बाद ही जमाई राहुल और उसके परिवार द्वारा दहेज की मांग को लेकर मेरी पुत्री प्रियंका को प्रताड़ित किया जाने लगा। मेरे द्वारा प्रकरण दर्ज करवाने पर उसे वापस लेने के लिए पुत्री के ससुराल वालों ने लड़ाई झगड़ा व मारपीट की। अब मेरे जमाई राहुल ने मेरी बिटिया को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली है। समाज के कुछ लोग न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण को वापस लेने के लिए मुझ पर दबाव बना रहे हैं और समाज से बाहर निकालने की धमकी दी जा रही है। मैं मानसिक रूप से बहुत ज्यादा तनावग्रस्त हूँ। जान माल का खतरा बना हुआ है। ओमप्रकाश ने अपने आवेदन में कहा है कि यदि मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं परिवार सहित आत्मदाह कर लूंगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की रहेगी।