जावद। दिव्यांग एवं वृद्धजनों को शासन की समुचित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत दिव्यांगों की अग्रणी संस्था दिव्य ज्योति सेवा संस्था के अध्यक्ष रामप्रकाश बलदेवा जांगिड़ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि शासन द्वारा सभी वर्गों के पेंशन भत्ते बढ़ा दी है। मामाजी आपने जनप्रतिनिधियों की तनख्वाह 20 साल में कई गुना बढ़ा दी है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है, आपके द्वारा 20 साल के शासन में कभी भी एक बार भी समाज के सबसे जरूरतमंद दिव्यांगजन-वृद्धजन को सहायता राशि के बारे में नहीं सोचा। आपके शासन में दिव्यांगों और वृद्धजनों को परेशान होना पड़ रहा है, क्योंकि आपने कभी भी 20 सालों में इनकी पेंशन नहीं बढ़ाई। इसके कारण दिव्यांगजनों में आक्रोश है। पेंशन 600 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए की मांग को लेकर व दिव्यांग पुनर्वास केंद्र निर्माण प्रारंभ करने एवं अन्य कई मांगों को लेकर जिले के दिव्यांगजनों-वृद्धजनों की महापंचायत का आयोजन दिव्यांग पुनर्वास केंद्र रेडक्रॉस सोसाइटी नीमच पर मंगलवार 08 अगस्त को प्रातः 10 बजे होगा। दिव्यांगजन वृद्धजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए चर्चा विचार करेंगे व 12 बजे दिव्यांगजन वृद्धजन अपने वाहनों के साथ रैली प्रारंभ कर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे व कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपगे।
जिले के सभी दिव्यांगजनों व वृद्धजनों से संस्था सचिव तुलसीराम मेघवाल, कोषाध्यक्ष राधा ग्वाला, उपाध्यक्ष दशरथ धनगर, जमुना केवट आदि सदस्यों ने सभी दिव्यांग साथियों से निवेदन किया है कि इस दिव्यांगजन वृद्धजन हितेषी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में अपने दिव्यांग साथियों के साथ पधारकर दिव्यांग एकता का परिचय दें। ताकि शासन हमारी परेशानी व समस्याओं का निराकरण कर सके।