नीमच। जिले सहित सम्पूर्ण क्षेत्र में बारिश की लम्बी खेंच हो गई है जिसके कारण किसानों के माथे पर चिंता की लकीरे खिंच गई है। विगत कई दिनों से जिले में बरसात का दौर लगभग थम सा गया है। तेज़ हवाओं के कारण बारिश का मौसम भी नहीं बन पा रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को अब बरसात की बूंदो का बेसब्री से इंतजार है। वहीं किसान भी आसमान की ओर टकटकी लगाए देख रहा है।
अच्छी बारिश की कामना को लेकर आज नीमच जिले में कई ग्रामीण क्षेत्रों में उज्जैनी मनाई जा रही है। मान्यता है कि इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए सभी वर्ग के लोग आज घर से बाहर खाना बनाकर इंद्रदेव को भोग लगाते है। साथ ही गांव के खेड़ा देव की पूजा की जाती है। व्यापारी वर्ग भी उज्जैनी के दिन अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखते है। आज जिले में मनासा, रामपुरा, जावद, मोरवन, चीताखेडा, मालखेड़ा सहित कई गाँवो में खेड़ा देव की पूजा कर, घर से बाहर खेतों में खाना बनाया गया और क्षेत्र में अच्छी बारिश और खुशहाली के लिए इंद्रदेव को भोग लगाया गया। इस दिन विशेषकर दाल-बाटी और चूरमा बनाया जाता है। चूरमे का भोग भगवन को लगाया जाता है।