नीमच। सीएम शिवराज सिंह चौहान के आज रोड शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जब सीएम का काफिला निकला तब स्वागत के लिए बनाया गया एक मंच अचानक भरभरा के गिर गया। यह मंच जिला सचिव संघ द्वारा बनाया गया था। ये सभी सीएम का स्वागत कर रहे थे तभी ये हादसा हो गया। दुर्घटना में 3 लोग गंभीर घायल हुए है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नीमच जिला मुख्यालय से 27 किलोमीटर दूर मनासा तहसील मुख्यालय पर कार्यक्रम में सम्मिलित होने आये थे इस दौरान उनका रोड शो भी आयोजित किया गया था। यह हादसा उसी दौरान हुआ।
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए जिला सचिव संघ के कार्यकारिणी सदस्य नवीन पाटीदार ने बताया कि जिला सचिव संघ द्वारा सीएम शिवराज सिंह चौहान के रोड शो के दौरान नूरी कॉलोनी मनासा में स्वागत मंच बनाया गया था। मंच पर जनपद पंचायत मनासा और कई ग्राम पंचायत के सचिव एवं सहायक सचिव खड़े थे। इस दौरान मंच पर ज्यादा भीड़ एकत्रित हो गई और अचानक मंच गिर गया। जिसके कारण 3 लोगो को गंभीर चोटे आई है।
सचिव संघ के कार्यकारिणी सदस्य नवीन पाटीदार ने बताया कि हादसे में पंचायत समन्वयन अधिकारी ध्रुव तिवारी, महिला पटवारी आरती गुप्ता, नरेगा ग्राम रोजगार सहायक सचिव दिलीप कछावा, राकेश डांगी (भमेसर), कन्हैयालाल रावत (भदाना) के पांव में फ्रेक्चर हुआ है। जिनको उपचार हेतु नीमच जिला अस्पताल लाया गया है।