ग्वालियर। नेशनल हाइवे के किनारे ही नहीं गांव के पहुंच मार्गों के आसपास खेतों में अवैध कॉलोनियां तेजी से बनती जा रही हैं। नगर निगम ने दिसंबर 2016 के बाद से दिसंबर 2022 तक बनी अवैध कॉलोनियों का सर्वे कराया था, जिसका आंकड़ा देख अफसरों की आंखें खुली रह गईं। यह आंकड़ा 233 तक जा पहुंचा था। निगम के अफसरों ने इन पर एक्शन लेने का प्लान तैयार ही किया था। तभी चुनावी साल को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिसंबर 2022 तक की अवैध कॉलोनियों को वैध करने की घोषणा कर दी।
हालांकि इसको लेकर कोई दिशा-निर्देश शासन स्तर से नहीं आए, लेकिन इसका फायदा उठाकर अवैध कॉलोनियों को काटने का काम रफ्तार पकड़ गया। निगम के जानकार कहते हैं कि आठ महीने में 330 के आसपास कॉलोनी और काट दी गईं। इनको कहीं न कहीं राजनैतिक संरक्षण मिला हुआ है। नगरीय क्षेत्र के वार्ड 60, 61, 62, 63, 64, 65 और 66 में सबसे ज्यादा अवैध कॉलोनी कट रही हैं। निगम के सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि बड़ागांव क्षेत्र ने अवैध कॉलोनी काटने में बाजी मारी है। यहां पर निगम के सर्वे के मुताबिक 35 कॉलोनी बताई जा रही हैं। लेकिन अब 50 के आस-पास कॉलोनियां काट कर भूखंड बेच दिए गए हैं।