खरगोन। एक ओर शासन स्तर पर बेरोजगारों को रोजगार से जोडऩे के लिए जिले में रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं। वही दूसरी ओर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में जिन युवाओं ने स्वरोजगार शुरू करने के लिए लोन लिया था अब वे सब्सिडी के लिए परेशान हो रहे हैं। ऋण राशि चुकता करने के बाद भी उनके अकाउंट में सब्सिडी राशि भी नहीं पहुंची है। मंगलवार को ऐसी ही शिकायत शहर के जैद शेख ने कलेक्टर को कि है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे जैद शेख ने बताया कि वह न्यू आजाद नगर निवासी होकर 2017 में उसने करीब 7 लाख रुपए का ऋण मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत बेकरी संचालन के लिए लिया था। यह ऋण राशि उसने किश्तों में बैंक को चुका दी, बैंक ने 27 मार्च 2023 को एनओसी भी दे दी लेकिन नियमानुसार जो सब्सिडी राशि मिलना थी वह करीब 6 साल के लंबे समय बाद भी नही मिली। उन्हें ऋण देते समय 2 लाख 10 हजार रुपए बतौर सब्सिडी वापस मिलने का भरोसा दिया गया था। मेरे द्वारा सब्सिडी राशि की मांग करने पर वरिष्ठ कार्यालय उद्योग संचालनालय भोपाल द्वारा पत्र जारी कर कहा किया कि अनुदान राशि नोडल बैंक को भेज दी गई जबकि संबंधित बैक द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नही दिया जा रहा। जैद ने कलेक्टर से मांग की है कि उसे सब्सिडी राशि दिलाई जाए जिससे वह अपने व्यवसाय को सुचारु रुप से चला सके।