नीमच। जिले में मानसून की बारिश पर एक बार फिर से ब्रेक लग गया है। तीन दिन पहले मानसून के एक्टिव होने से जिलेभर बरसात हुई थी। बारिश होने से खेतों में खड़ी फसलों को जीवनदान मिला था। लेकिन फिर से जिले में बारिश का दौर थम गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक 20.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में आगामी 24 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश होगी। जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। नया सिस्टम एक्टिव नहीं होने से 28 अगस्त से एक बार फिर बारिश पर ब्रेक लग सकता है। इस कारण दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
एमपी के सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, पन्ना और छतरपुर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, दतिया, भिंड, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा मालवा के इंदौर, रतलाम, मंदसौर, नीमच सहित अन्य क्षेत्रों में धूप-छांव वाला मौसम रहेगा।