खनियांधाना। नगर के श्री श्री 1008 टेकरी सरकार मंदिर प्रांगण में खाटू श्याम का दरबार सजाकर कीर्तन का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। अलसुबह तक कीर्तन का दौर चला। इसमें खनियांधाना नगर सहित आस पास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे व जमकर झूमे। छप्पन भोग के साथ इत्र व पुष्पवर्षा की गई।
सर्वप्रथम बाबा श्याम कि निशान यात्रा श्री श्री 1008 टेकरी सरकार मंदिर के प्रांगण से नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए वापस टेकरी सरकार मंदिर प्रांगण में पहुंची। जहां बाबा श्याम की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सभी कलाकारों का सम्मान किया गया। कीर्तन की शुरुआत गणेश वंदना से हुई।
प्रसिद्ध भजन गायिका शिवानी झां ललितपुर, दीपांशी तिवारी कानपुर, गायक केतन तिवारी नौगांव छतरपुर, गायक ऋतिक मांझी ग्वालियर, सभी गायकों के भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को नाचने पर मजबूर कर दिया। भजनों के बीच में बाबा श्याम के जयकारे गूंजे। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु रातभर थिरकते रहे। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से सुख-समृद्धि की कामना की। कलाकारों ने विभिन्ना धुन सुनाकर वातावरण भक्तिमय कर दिया। आयोजकों ने श्याम बाबा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की।