इंदौर। कलेक्टोरेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक महिला अपने बच्चे आदित्य सोलंकी को लेकर पहुंची। महिला ने बताया कि 2017 में कॉकलियर इम्प्लांट मशीन डलवाई थी, जो खराब हो गई। उपकरण का खर्च ही 1.5 लाख रुपए बताया जा रहा है। कलेक्टर इलैया राजा टी ने इस मामले में सीएमएचओ सैत्या को जांच के निर्देश दिए।
कहा कि छह साल में मशीन खराब हो रही है तो इसकी वारंटी सहित अन्य तकनीकियां भी देखें और जांच रिपोर्ट दें। साथ ही बच्चे को 15 हजार रुपए रेडक्रॉस से मंजूर किए गए। कलेक्टर ने बताया कि ऐसे और भी मामले मेरे समक्ष आए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। जनसुनवाई में 200 से अधिक शिकायतें मिलीं, जिनमें से 50 से अधिक का तुरंत निराकरण किया गया और अन्य में जांच के आदेश दिए।
जनसुनवाई में पहुंचे 18 दिव्यांगों के लिए कलेक्टर ने दोपहिया वाहन स्वीकृत किए। दिव्यांग अजय सुनहरे ने बताया कि मैंने तीन माह पहले ही दिव्यांग पूजा से शादी की है। मैं एक प्राइवेट फैक्टरी में मजदूरी करता हूं। घर से फैक्टरी तीन-चार किमी दूर है। आने-जाने का कोई साधन नहीं है। कलेक्टर ने स्कूटी वाहन स्वीकृत किया।