इंदौर। देवी अहिल्या बाई होलकर की 228वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को सिरपुर स्थित श्री देवी अहिल्या सरोवर उद्यान में अहिल्या बाई की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। नारायणधाम के रवींद्र होलकर ने बताया कि महामंडलेश्वर दादू महाराज ने शुभ चौघड़िए में पूजन-अभिषेक कर प्रतिमा का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, किरण जोशी, धनंजय होलकर, मधुकर बुधे, संघ से रमेश यादव, दिलीप वर्मा, लक्ष्मण राकुंडे सहित अनेक लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर महामंडलेश्वर दादू महाराज ने कहा कि चारधाम, सप्तपुरी, बारह ज्योतिर्लिंगों में माता ने जीर्णाेद्धार करके अपना नाम अमर कर लिया है। हर इंदौरवासी को उनके कार्यों से गर्व महसूस होता है। मात्र 28 वर्ष के शासन में उन्होंने ऐसे अद्भुत कार्य किए हैं कि आज 228 वर्ष बाद भी उन्हें याद किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नारायणधाम दत्त मंदिर प्रजापत नगर द्वारा जयपुर से मूर्ति बनवाई गई है। आभार धनंजय होलकर ने माना।