नीमच। प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से बारिश का दौर थमा हुआ है। इस अवधि में नीमच व मंदसौर जिले में जरूर कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। लेकिन अब एक बार फिर मानसूनी सिस्टम एक्टिव होने वाला है। इस सिस्टम के एक्टिव होने से प्रदेशभर में दोबारा बारिश का क्रम शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में एमपी के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 29 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 43.5 इंच से अधिक बरसात हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 28 सितंबर से नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है जो 2 अक्टूबर तक सक्रिय रहेगा। इस सिस्टम के एक्टिव होने से बारिश का आंकड़ा और भी बढ़ जाएगा। आज प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। नए सिस्टम की एक्टिविटी इंदौर, जबलपुर, शहडोल और रीवा संभाग में रहेगी। भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग में इसका असर कम रहेगा। यहां हल्की बारिश होती रहेगी, लेकिन भारी बारिश का अनुमान नहीं है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, सिंगरैली, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश होने की संभावना है।