रतलाम। रेल मंडल के अंतर्गत यात्री गाड़ियों के कोच पर मध्य प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार अचार संहिता लागू होने के बाद भी जारी है। जिसे लेकर कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव सकलेचा ने पत्र लिखकर राज्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है कि दाहोद-उज्जैन-हबीबगंज ट्रेन की बोगियों पर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भी मध्य प्रदेश सरकार की लाडली बहन योजना और सिखो कमाओ योजना के विज्ञापन लगे हुए हैं। इस संबंध फोटो और वीडियो प्रमाण के साथ चुनाव आयोग को शिकायत की गई है। कांग्रेस ने मामले में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है और चुनाव आयोग से सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है।
दरअसल मध्य प्रदेश के चुनाव के मद्देनजर 9 अक्टूबर से आचार संहिता लागू हो गई है और आचार संहिता के संबंधित सारे निर्देश राज्य शासन को दे दिए गए हैं ।आचार संहिता लगने के तीन दिन बाद भी दाहोद उज्जैन हबीबगंज ट्रेन की बोगियों पर राज्य शासन की योजनाओं के पोस्टर लगे हुए हैं । जिसे लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत की है। प्रदेश महासचिव पारस सकलेचा ने पत्र लिखकर भाजपा द्वारा शासकीय संपत्तियों और संसाधनों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। गौरतलब है की आचार संहिता लागू होते ही समस्त शासकीय संपत्तियों पर से शासकीय योजनाओं और राजनीतिक पार्टियों के बैनर-पोस्टर और विज्ञापन स्थानीय प्रशासन द्वारा हटाए गए हैं। लेकिन रेलवे के विज्ञापन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी यात्री गाड़ियों की बोगियों पर लगे मध्य प्रदेश सरकार के विज्ञापनों को हटाना भूल गए। इसके बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को चुनाव आयोग के सामने उठाया है और शिकायत भी दर्ज करवाई है।