नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 29 जून सोमवार को नीमच एवं खिमला (रामपुरा तहसील) में दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे नीमच में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ पत्रों का वितरण करेंगे। साथ ही कई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नीमच में लगभग 670 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली 40 से अधिक नवीन औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन करेंगे। इन इकाइयों से जिले में 2 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला पहुंचकर ग्रीनको प्रोजेक्ट की साइड विजिट करेंगे। इसी दौरान वे वारी एनर्जी लिमिटेड द्वारा स्थापित 170 मेगावाट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी करेंगे।
प्रशासनिक तैयारियां तेज-
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल चयन, सभा व्यवस्था, हितग्राहियों के परिवहन, बैठने की व्यवस्था, मंच व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई एवं पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उच्च स्तरीय निगरानी-
बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, डीएफओ एस.के. अटोदे, एडीएम बी.एस. कलेश सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री नीमच में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम का समापन भी करेंगे।
विकास कार्यों की सौगात-
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत लाभ वितरण भी किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर उद्योग, एमपीआईडीसी, उद्यानिकी, कृषि एवं कृषि उपज मंडी विभाग द्वारा विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।