इंदौर। राजवाड़ा स्थित अटाला बाजार में नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों और फुटपाथ विक्रेताओं ने निगम के रिमूवल दल पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
व्यापारियों का आरोप है कि निगम की रिमूवल टीम (पीली गैंग) कार्रवाई से पहले पैसों की मांग करती है, फिर रुपए लेने के बावजूद सामान जब्त करने और कार्रवाई करने से नहीं चूकती। यदि इस प्रकार की कार्यशैली जारी रही तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
रिमूवल दल का सुपरवाइजर करता है अभद्रता
कई फुटपाथ विक्रेताओं और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अभियान के दौरान रिमूवल दल के एक सुपरवाइजर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उनका कहना है कि अधिकारी ने गाली-गलौज करते हुए सामान जब्त किया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग
प्रभावित व्यापारियों का कहना है कि वे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में नहीं हैं, लेकिन कार्रवाई कानून के दायरे में, पारदर्शी तरीके से और सम्मानजनक व्यवहार के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।