मंदसौर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 28 जून को मंदसौर जिले में जन्म से पांच वर्ष तक के 1 लाख 57 हजार 194 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 1212 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 2810 वैक्सीनेटर बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाएंगे।
अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय परिसर से विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान तथा सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। इसमें जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, विषय विशेषज्ञों, सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शासकीय नर्सिंग कॉलेज के ट्यूटरों, नर्सिंग छात्र-छात्राओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेश सोलंकी ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा जिले के सभी पोलियो बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान एवं सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे 28 जून को अपने जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद पिलाकर उसे इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।