मंदसौर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगदीश देवड़ा शनिवार शाम मंदसौर पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री रविवार को जिले में विभिन्न विकास एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपमुख्यमंत्री रविवार सुबह 11 बजे पिपलिया मंडी में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके पश्चात दोपहर 12 बजे वे पिपलिया मंडी कृषि उपज मंडी परिसर में नवनिर्मित 32 दुकानों का लोकार्पण करेंगे। इन दुकानों के शुरू होने से मंडी क्षेत्र के व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दोपहर 3 बजे के बाद उपमुख्यमंत्री गुडभेली छोटी पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में वरुजना फंटे से छोटी गुडभेली, हरसोल होते हुए बंड पिपल्या तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
सभी निर्धारित कार्यक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पुनः मंदसौर स्थित अपने निवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।