रतलाम। शहर में शनिवार को मानसून की पहली तेज बारिश ने दस्तक दी। करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। पहली ही बारिश ने नगर निगम और जिला प्रशासन की बारिश पूर्व तैयारियों की पोल खोलकर रख दी।
शनिवार सुबह से उमस भरी गर्मी के बीच दोपहर करीब 1 बजे अचानक मौसम बदला। काले घने बादलों के साथ तेज गरज-चमक हुई और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि कुछ समय के लिए दृश्यता भी काफी कम हो गई।
बारिश के दौरान होमगार्ड कॉलोनी स्थित अंडरब्रिज पूरी तरह पानी से भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों और राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। शहर के विभिन्न निचले क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर भी जलभराव हो गया।
गौरतलब है कि प्रदेश में मानसून 24 जून को प्रवेश कर चुका था, लेकिन रतलाम में पिछले कुछ दिनों से केवल हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। शनिवार की बारिश के साथ शहर में मानसून ने प्रभावी दस्तक दी।
बारिश थमने के बाद कुछ देर तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद तेज धूप निकलने से उमस और बढ़ गई। शाम करीब 4 बजे एक बार फिर मौसम ने करवट ली और बादलों ने आसमान को ढक लिया।