बड़वानी। शहर की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को क्रमांक-2 स्कूल के सामने एक बाइक सड़क पर फिसल गई, जिससे उस पर सवार एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के समय मौके से गुजर रहे एसडीओपी महेंद्र सुनेया ने तत्काल अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई और मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला की मदद की। इस दौरान एबीवीपी के पूर्व जिला संयोजक रितेश कुमावत और भाजपा नगर उपाध्यक्ष अंकित मुकाती ने भी घायल महिला को उठाकर वाहन में बैठाया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज शुरू हो सका।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर की कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनके कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं।