खरगोन। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल शनिवार को खरगोन जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। वे रविवार को आदिवासी बहुल क्षेत्र झिरन्या में सिकलसेल स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में शामिल होंगे।
राज्यपाल शनिवार शाम 4.30 बजे बरुड हवाई पट्टी पर उतरे। सांसद गजेंद्रसिंह पटेल और खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे खरगोन सर्किट हाउस पहुंचे।
सर्किट हाउस में राज्यपाल ने सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल रविवार सुबह 9.30 बजे झिरन्या पहुंचेंगे। वे सुबह 10 बजे ब्लड बैंक स्टोरेज यूनिट का शुभारंभ करेंगे और उसके बाद सिकलसेल जागरूकता शिविर में हिस्सा लेंगे।
सुबह 11 बजे राज्यपाल मन की बात कार्यक्रम से जुड़ेंगे। दोपहर 12 बजे वे क्षेत्र के एक आदिवासी परिवार के घर भोजन भी कर सकते हैं।
स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों को लेकर कलेक्टर भव्या मित्तल और एसपी रवींद्र वर्मा ने झिरन्या में व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से भी मुलाकात की और शिविर स्थल का निरीक्षण किया।