गुना। कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे दिनेश ठाकुर ने टिकट दिए जाने के फार्मूले पर खुलकर चर्चा की और दो टूक कह दिया कि बूथ लेबल व जनता के बीच काम करने वाले नेता को ही पार्टी प्रत्याशी बनाने जा रही है। ठाकुर ने बताया है कि कांग्रेस ने दो स्तर पर सर्वे किए हैं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें कार्यकर्ताओं से अंतिम चर्चा के लिए गुना भेजा है। ठाकुर के मुताबिक गुना विधानसभा से कांग्रेस के 22 और बमौरी विधानसभा में 5 से 6 दावेदारों ने टिकट मांगा है। आवेदनों पर पार्टी विचार कर चुकी है, मंथन हो चुका है। वह बताने के लिए आए हैं कि पार्टी ने टिकट देने का क्राइटेरिया तय किया है। अब बड़े नेताओं की चापलूसी या भोपाल के चक्कर काटने वालों को टिकट नहीं दिया जा रहा है। बल्कि पार्टी के प्रति निष्ठा रखने और पूरी ताकत से काम करने वाले व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया जाएगा। हालांकि ठाकुर ने गुना से टिकट प्राप्त करने वाले 21 लोगों को यह कहते हुए राहत दी कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद ऐसे सभी नेताओं को निगम, मंडल जैसे पदों पर एडजस्ट करेगी। लेकिन इससे पहले गुना और बमौरी सीटों को जिताना होगा ठाकुर ने स्पष्ट कर दिया कि पार्टी संगठन ने गुना और बमौरी सीटों को जीतने का लक्ष्य निर्धारित कर रखा है, गुना उनकी प्राथमिकता में शामिल है यह तय है कि अबकी बार कांग्रेस 150 सीट पार कर रही है। कांग्रेस पर्यवेक्षक ने बिना नाम लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जिक्र किया। उनके मुताबिक कांग्रेस , पार्टी अब आइने की तरह साफ है। बूथ स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर के कार्यकर्ता दोनों ही सीटों को जिताने में जुट गए हैं।