गुना। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रथम कौशिक द्वारा स्वीप गतिविधियों के संबंध में बैठक का आयोजन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कौशिक द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मध्यप्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले 50-50 केंद्रों पर चलाये जाने वाले विशेष जागरूकता अभियान 50@230 को आरंभ किया गया है। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत गुना जिले के समस्त विधानसभा निर्वाचन 2018 के मतदान प्रतिशत के आधार पर इस प्रकार के मतदान केंद्रों का चिन्हांकन किया गया है। जहां मतदान कम हुआ था इन केंद्रों में लक्ष्य केन्द्रित विशेष जागरूकता अभियान/ गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि चिन्हित मतदान केंद्रों में मतदान प्रतिशत में वृद्धि की जा सके।
बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि 50@230 के अंतर्गत चिन्हांकित केंद्रों में मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु विशेष कार्य योजना के संबंध में मतदान प्रतिशत कम होने के कारणों का चिन्हांकन करना, मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु सुझाव आमंत्रित करना, गतिविधियों के संचालन हेतु कलेण्डर अनुसार बूथ, सेक्टर एवं विधानसभा स्तर पर गतिविधियों को आयोजित करना तथा गतिविधियों को सतत् मॉनिटरिंग एवं रिर्पोटिंग द्वारा प्रभावी बनाना है।
बैठक के दौरान उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि स्वीप गतिविधि अंतर्गत मैराथन दौड़, महिला रैली, स्कूल तथा कॉलेज में सांस्कृति संध्या, विधानसभा स्तरीय खेल उत्सवआदि का प्रचार-प्रसार तथा इस संबंध में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित रहें। इसी प्रकार गुना नगरपालिका अंतर्गत रन फॉर डेमोक्रेसी, मैराथन दौड़, वोट की मशाल, बजरंगगढ़ किला पर लाईट एंड साउंड कार्यक्रम, वृह्द क्रिकेट मैच आदि गतिविधियों आयोजित की जाएंगी। इनके अच्छे फोटोग्राफ्स तथा प्रचार-प्रसार के साथ ही मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं।