इंदौर। 17 नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतगणना स्थल नेहरू स्टेडियम पर इन दिनों जोर-शोर से सिविल वर्क चल रहा है। चूंकि समय कम है, इसलिए अलग-अलग टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं। इस बार स्टेडियम के अंदर व बाहर का पूरा सिविल वर्क किया जा रहा है। इंदौर नगर निगम इसे दो हफ्तों में तैयार कर निर्वाचन के लिए सौंप देगा।
इस बार स्टेडियम में सिविल वर्क के लिए करीब 1 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। इसमें विधानसभा वार मतगणना हॉल, स्ट्रॉन्ग रूम, ईवीएम रखने के स्थान, प्रशिक्षण हॉल, टायलेट, पेयजल व्यवस्था, सिटिंग, रैक्स, टाइल्स, फर्नीचर, ड्रेनेज, रंगाई-पुताई आदि को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है। अधिकांश हॉल की पुताई हो चुकी है, जबकि रैक्स का काम चल रहा है। अपर कमिश्नर अभय राजनांदगांवकर ने बताया कि जिला निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्टेडियम के बड़े हॉल को स्ट्रॉन्ग रूम बनाया जाना है। यहां ईवीएम रखी जाएगी।
बारिश के कारण स्टेडियम के अंदर और बाहर का काफी हिस्सा खराब हो गया है। इसके चलते पहले उन्हें रिपेयर किया जा रहा है। इसके बाद हर स्थान की पुताई की जा रही है। ऐसे ही बिजली संबंधी काम भी बारीकी से किए जा रहे हैं। ऐसे दरवाजे जो थोड़े भी टूटे हैं उन्हें बदला जा रहा है। ऐसे ही खराब टाइल्स को भी निकालकर दूसरी लगाई जा रही है। मतदान दलों के प्रशिक्षण व मतगणना के दौरान खान-पान, ठंडे पानी आदि को लेकर अलग-अलग स्थल तय किए गए हैं। मतदान सामग्री वितरण के लिए परिसर को व्यवस्थित किया जा रहा है। पार्किंग स्थान को भी समतल किया जाएगा।
निगम ने टेबल टेनिस हॉल, बैडमिंटन हॉल सहित विभिन्न खेल संगठनों को नोटिस जारी कर उनके हॉल खाली करा लिए थे। इसके चलते 1 हजार से ज्यादा खिलाड़ी प्रभावित हुए हैं। अब उनकी खेल गतिविधियां दिसम्बर के दूसरे हफ्ते में ही शुरू होना संभावित है। मप्र ओलिंपिक संगठन के उपाध्यक्ष ओम सोनी ने बताया कि यह समय विभिन्न स्पर्धाओं का है, तथा खिलाड़ियों को प्रैक्टिस की जरूरत होती है। ऐसे में वे खिलाड़ी जो स्टेडियम से जुड़े हैं, उनकी गतिविधियां खासी प्रभावित हो रही हैं।