नर्मदापुरम। विस चुनाव को लेकर पुलिस, यातायात और परिवहन विभाग ने संयुक्त टीम बनाकर भोपाल चौराहे पर वाहन चेकिंग की। आचार संहिता लागू होने के कारण नेताओं की सिफारिशें भी अफसरों के पास नहीं आ रही हैं। यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा, जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के नेतृत्व में चार पहिया वाहनों पर लगी काली फिल्म, रूतबा बताने वाली राजनीतिक प्लेट, रंग-बिरंगी नंबर प्लेट एवं अतिरिक्त लाइट लगे वाहनों की जांच की गई, इसके साथ ही वाहन चालकों पर जुर्माना भी किया गया। कई वाहनों से हूटर भी उतारे गए।
वाहन पर लगे हूटर हटवाए-
यातायात थाना प्रभारी उषा मरावी ने इस मार्ग से जा रहे सफेद स्कार्पियो वाहन की जांच की, इस वाहन पर हूटर लगे हुए थे, पुलिस ने गाड़ी के कागजात जांचने के बाद जुर्माना भरने को कहा, इस वाहन में ड्राइवर अकेला था, उसने बताया कि भोपाल में आज ही जुर्माना हुआ है, इसके बाद पुलिस ने हूटर निकाल दिए गए। यह वाहन परिवहन विभाग की वेबसाइट पर सुधा सिंह राजपूत पत्नी विजयपाल सिंह राजपूत के नाम पर दर्ज है।