खरगोन। शनिवार को सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर स्थानीय गायत्री प्रज्ञा संस्थान में सामूहिक श्राद्ध तर्पण का आयोजन हुआ। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के सैकड़ों परिजनों ने अपने पूर्वजों का तर्पण किया। गायत्री प्रज्ञा संस्थान के पुरोहित रामजी पाटीदार एवं प्रबंध ट्रस्टी संजय शर्मा ने तर्पण का कर्मकाण्ड संपन्न कराया।
राम पाटीदार ने बताया कि मोक्ष अमावस्या के दिन मुख्य रूप से छह प्रकार के तर्पण किए जाते है। इसमें सर्वप्रथम देव तर्पण तत्पश्चात ऋषि तर्पण, दिव्य मनुष्य तर्पण, दिव्य पितृ तर्पण, यम तर्पण और मनुष्य पितृ तर्पण आते हैं। रामजी पाटीदार ने बताया कि पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के अनुसार श्अपने पूर्वजों की स्मृति में वृक्ष लगाना एक उच्च कोटि का श्राद्ध तर्पण है।श् इससे हमारे पितरों को संतुष्टि मिलती है और वे मोक्ष के अधिकारी बनते हैं। रामजी पाटीदार ने गायत्री परिवार द्वारा गवला रोड़ पर विकसित समर्पण गिरि पितृ पर्वत पर इस निमित्त श्रद्धालुओं को वृक्ष लगाने एवं दान का महत्व बताया। कार्यक्रम में संस्थान के युवा पुरोहित संतोष पाटीदार, नरेंद्र कुशवाह, पवन व्यास आदि का विशेष सहयोग रहा।