देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने नवरात्रि के पहले दिन माताजी की टेकरी पहुंचकर मां तुलजा भवानी व मां चामुंडा की पूजा अर्चना की तथा मां तुलजा भवानी व मां चामुंडा से जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। कलेक्टर गुप्ता ने नवरात्रि पर टेकरी पर की गई व्यवस्थाओ का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को माताजी की टेकरी पर व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीएम देवास बिहारी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।आपको बता दें की नवरात्र के पहले दिन माता टेकरी पर माता चामुंडा व तुलजा भवानी के दर्शन करने के लिए सुबह से कई माता भक्त पहुंचे। रविवार को छुट्टी का दिन होने से माता भक्तों ने इसका फायदा उठाया और टेकरी पहुंचे व माता के दर्शन किए।हर साल की तरह इस साल भी माता मंदिरों को फुलों से सजाया गया है। उल्लेखनीय है कि नवरात्र में माता चामुंडा व तुलजा भवानी के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से माता के भक्त देवास पहुंचते है। माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए है। दिन में धूप के चलते पूरे परिक्रमा मार्ग पर कालीन बिछाई गई है।नवरात्र में अधिकांश लोग नंगे पैर माता के दर्शन करने पहुंचते है ऐसे में भक्तों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। माता टेकरी पर जगह-जगह सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। नवरात्रि पर्व की शुरुआत के साथ ही शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मां भगवती की घटस्थापना शुभ मुहूर्त में करने का दौर देर शाम तक चला।