रतलाम। विधानसभा चुनाव और आगामी त्योहारी सीजन में ड्यूटी करने जा रहे रतलाम पुलिस के सभी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने की पहल रतलाम पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने की है। रतलाम के औद्योगिक पुलिस थाने से इसकी शुरुआत की जा रही है जिसमें सभी पुलिसकर्मियों का अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करवाना अनिवार्य है। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में निजी अस्पतालों के डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे।
दरअसल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का उद्देश्य लगातार अपनी सेवा दे रहे पुलिसकर्मियों की फिटनेस जांचना और और पुलिस कर्मियों में शुगर, ब्लड प्रेशर एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करना है। रतलाम औद्योगिक थाने पर आज सुबह से आयोजित होने वाले स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में पुलिस अधीक्षक मौजूद रहेंगे और पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी डॉक्टर से प्राप्त करेंगे। 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक अलग-अलग थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर सभी पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।