इन्दौर। शहर में आयोजित सामुदायिक सहायता केन्द्र के हितधारकों की दो दिवसीय कार्यशाला आज यहां संपन्न हुई। यह कार्यशाला मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के न्यायाधिपति एवं जुवेनाईल जस्टिस कमेटी के चेयरपर्सन सुजय पॉल के निर्देशन में एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की खण्डपीठ इंदौर के प्रशासनिक न्यायाधिपति एस.ए. धर्माधिकारी और न्यायाधिपति तथा अध्यक्ष मीडिएशन मॉनिटरिंग सब-कमेटी इंदौर विवेक रूसिया के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इसका आयोजन मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की खण्डपीठ इंदौर के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 14 अक्टूबर को न्यायाधिपति सुजय पॉल ने एक मार्मिक कहानी के माध्यम से बताया कि किस प्रकार शिक्षिका मिसेज थामसेन के सहयोग से टेडी नामक बालक आगे चलकर डॉ. टेडी स्टोडर्ड के नाम से वैज्ञानिक के उच्च पद पर पदस्थ हुआ। न्यायाधिपति विवेक रूसिया ने उपस्थित सामुदायिक सहायता केन्द्र के हितधारकों को संबोधित करते हुए 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को डील करने के संबंध में जानकारी प्रदाय की।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर आज महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से सामुदायिक सहायता केंद्र के हितधारकों को 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के संबंध में किए जा रहे कार्यों के के बारे में बताया गया। उन्होंने सामुदायिक सहायता केंद्र के हितधारकों को विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। सचिव किशोर न्याय समिति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर समरेश सिंह एवं बाल संरक्षण अधिकारी यूनिसेफ अद्वैता मराठे द्वारा सामुदायिक सहायता केंद्र के हितधारकों हेतु तकनीकी सत्र का संचालन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन सत्र के प्रथम चरण को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खण्डपीठ के प्रशासनिक न्यायाधिपति एस.ए. धर्माधिकारी द्वारा भी संबोधित किया गया एवं आगामी नवंबर माह में होने वाले उक्त कार्यक्रम के द्वितीय चरण के संबंध में सामुदायिक सहायता केंद्र के हितधारकों को जानकारी दी गई।
उक्त कार्यक्रम में मार्गरेट ग्वाडा चीफ ऑफ फील्ड ऑफिस यूनिसेफ, अद्वैता मराठे चाईल्ड प्रोटेक्शन आफिसर यूनिसेफ, प्रिंसिपल रजिस्ट्रार अजय प्रकाश मिश्र, ओ.एस.डी/रजिस्ट्रार नवीन पाराशर, समरेश सिंह सचिव जुवेनाईल जस्टिस कमेटी, पारूल वर्मा साइकोलॉजी एक्सपर्ट, कपिल खण्डेलवाल चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट स्थित प्रज्ञा इन्दौर, गुरुमुख सिंह लांबा सीनियर टेक्नीकल कंसल्टेंट जुवेनाईल जस्टिस कमेटी मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर, प्रीति रूसिया, नीलम अभ्यंकर, डॉ. मोहम्मद शमीम मास्टर ट्रेनर, विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक सहित उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति इन्दौर, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग आदि के प्रमुख, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के कर्मचारी, विधिक सेवा समिति के कर्मचारियों के साथ 16 समुदाय- बोहरा समुदाय, जैन समुदाय, वाल्मिकी समुदाय, ब्राम्हण समुदाय, कोरी समुदाय, बैरवा समुदाय, नेमा समुदाय, गुजराती समुदाय, पासी समुदाय, बंगाली समुदाय, अग्रवाल समुदाय, मुस्लिम समुदाय, सिख समुदाय एवं गहोई वैश्य समुदाय, यादव समुदाय एवं अहिरवार समुदाय के प्रबुद्धजन सम्मिलित हुए।