नीमच। मध्यप्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) के एक्टिव होने से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रविवार को एमपी के छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हुई। जबकि भोपाल, उज्जैन, रतलाम समेत कई जिलों में बादल छाए रहे तो रात में तेज हवा चली। ऐसा ही मौसम आज सोमवार को भी बना रहेगा। भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन सहित 29 जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 16 और 17 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। बारिश का दौर थमने के बाद ठंड का असर बढ़ेगा। अक्टूबर के आखिरी में रात के टेम्प्रेचर में गिरावट होगी। आज सोमवार को भोपाल, ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, राजगढ़, आगर-मालवा, शाजापुर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, सागर, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, रीवा और सतना जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
24 घंटे में इन जिलों में बारिश के आसार-
प्रदेश में आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर कलां, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना और सतना जिले में हल्की बारिश होने का अनुमान है।