शाजापुर। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन आयोग की तैयारियां जोरों पर हैं। मतदान के एक दिन पहले दलों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया।इसके लिए बूथ वार बैठने की व्यवस्था की गई है। व्यवस्था ऐसी है कि दल आराम से सामग्री लेकर रवाना हुए।
आज सुबह से आईटीआई स्टेडियम में मतदान दलों को ईवीएम मशीन सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया। विधानसभावार प्रवेश की व्यवस्था की गई है। तो हर विधानसभा को एक रंग दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कन्याल ने बताया कि शाजापुर जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 835 मतदान केन्द्र हैं, जिनमे 245 मतदान केन्द्र क्रिटिकल श्रेणी में रखे गये हैं। पुलिस विभाग द्वारा निर्वाचन के अनुरूप संपूर्ण तैयारियां की जा रही है। मतदान केन्द्रों के लिये पर्याप्त मात्रा में बल लगाया गया है और अवैध रूप से कार्य करने वालो के विरूद्ध सख्ती से कार्रवाई होगी।
जिले में कुल मतदाताओं में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 167-शाजापुर में 244208 मतदाता हैं, जिसमें 125429 पुरूष, 118770 महिला एवं 9 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी तरह 168-शुजालपुर में 217561 मतदाता है, जिसमें 111960 पुरूष, 105601 महिला एवं 0 अन्य मतदाता शामिल हैं। 169-कालापीपल में 227227 मतदाता हैं, जिसमें 117468 पुरूष, 109758 महिला तथा 01 अन्य मतदाता शामिल है। विधानसभा क्षेत्र शाजापुर का जेन्डर रेशों 947, शुजालपुर का 983 तथा कालापीपल का 934 है। जिले में कुल 835 मतदान केन्द्र हैं, जिसमें शाजापुर विधानसभा क्षेत्र में 308, शुजालपुर में 262 एवं कालापीपल में 265 मतदान केन्द्र हैं।