चित्तौड़गढ़। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चित्तौड़गढ़ में "नशा मुक्त भारत अभियान" के तहत जनजागरूकता एवं नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी तथा विशिष्ट अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रहे।
कार्यक्रम में सांसद सी.पी. जोशी ने विद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त, शिक्षित और संस्कारित होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाएं।
सांसद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा "नशा मुक्त भारत अभियान" केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर उन्हें जागरूक, स्वस्थ और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक जागरूक विद्यार्थी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन सकता है।
इस दौरान सांसद ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों तथा विकास कार्यों की जानकारी ली और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक सोच को जीवन की सफलता का आधार बताया।
विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सांसद जोशी ने प्रार्थना सभा स्थल पर स्थायी डोम (शेड) के अभाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को डोम निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश देते हुए इसके निर्माण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका भारती पवार ने किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सांसद सी.पी. जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या का पारंपरिक मेवाड़ी शैली में उपरणा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार पालीवाल ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विद्यालय के विकास के लिए मिले सहयोग एवं मार्गदर्शन पर अतिथियों का आभार व्यक्त किया।