रेवली-देवली। मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत रेवली-देवली शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय के प्राचार्य हरिशंकर शुक्ला ने स्वागत भाषण देते हुए शासन की इस योजना को विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। योजना के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शारदाबाई मदनलाल धनगर, मंडल अध्यक्ष अनिल शर्मा, जनपद सदस्य एवं जनपद शिक्षा एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष रतनलाल मालावत, ग्राम पंचायत सरपंच हाबुड़ीबाई, मोहन नागदा, हीरालाल कुमावत, दिनेश शुक्ला, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।