खरगोन। जिले के आकांक्षी झिरनिया ब्लॉक के नीमसेठी गांव में 84 विद्यार्थियों का नौवीं कक्षा में प्रवेश जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण अटक गया है। समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिलने से बच्चों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने की आशंका है। इस समस्या को लेकर अभिभावक पहले एसडीएम कार्यालय पहुंचे, लेकिन समय-सीमा बैठक के कारण अधिकारी नहीं मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे के आवास पहुंचकर मदद की गुहार लगाई।
अभिभावक भूरेलाल गोले ने बताया कि बच्चों ने अब तक आठवीं कक्षा तक बारेला जाति के आधार पर पढ़ाई की है, लेकिन अब पंचायत के सरपंच और सचिव जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहे हैं। इसके चलते नौवीं कक्षा में प्रवेश नहीं हो पा रहा है और बच्चों का भविष्य संकट में है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी बच्चे का भविष्य खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी एसडीएम और बीआरसी अधिकारियों को दे दी गई है तथा जल्द ही जाति प्रमाण पत्र जारी कराकर बच्चों का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष से मुलाकात के बाद अभिभावक दोबारा एसडीएम कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए 84 बच्चों के जाति प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने की मांग की।