नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने आमजन की शिकायतें सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 11 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे लगभग 47 फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी राजेश व्यास ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से कहा कि आमजन के आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना स्तर पर भी नियमित जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, महिला सुरक्षा उप पुलिस अधीक्षक निकिता सिंह, जिले के सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।