खरगोन। विधानसभा चुनाव-2023 में मतदान के दिन ईवीएम के परिवहन में इस्तेमाल किये जाने वाले प्रत्येक वाहन पर निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी। ऐसे प्रत्येक वाहन जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम से लैस रहेंगे। खरगोन जिले के 1541 मतदान दलों को ले जाने वाले 326 वाहनों एवं सेक्टर आफिसर के 156 वाहनों पर जीपीएस लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान के दिन ईव्हीएम के मूवमेंट पर नजर रखने मतदान सामग्री वितरण के बाद मतदान दलों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने वाले प्रत्येक वाहन में जीपीएस लगाया गया है। इसी प्रकार मतदान के दिन सेक्टर अधिकारियों के वाहन पर भी जीपीएस लगाया गया है, ताकि उनके पास रिजर्व में रखी ईव्हीएम के मूवमेंट पर भी नजर रखी जा सके। जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम से मतदान के दिन ईवीएम लेकर रवाना होने वाले प्रत्येक वाहन के मूवमेंट की पल-पल की खबरें कंट्रोल सेंटर में दर्ज होती रहेगी। निर्धारित मार्ग से यदि वाहन थोड़ा भी विचलित होता है, तो इसकी जानकारी तुरंत मिल सकेगी।