धार। विधानसभा चुनाव-2023 का चुनाव अब अंतिम चरणों में आ चुका हैं, महज 20 घंटे बाद जिले में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कल (17 नवंबर को) जिले की सातों विधानसभाओं के लिए वोटिंग होना है, जिसके एक दिन पहले शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में कर्मचारियों को सामग्री वितरण का काम गुरुवार सुबह से शुरू हो चुका है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी मनोज कुमार सिंह की मौजूदगी में चुनावी सामग्री संबंधित कर्मचारियों को सौंपी जा रही हैं। दोपहर के बाद कर्मचारी अधिग्रहित किए वाहनों से डयूटी वाले मतदान केंद्रों तक देर शाम तक पहुंच जाएंगे। इस मर्तबा अधिग्रहित हुए वाहनों में जीपीएस भी लगाया गया है, ताकि चुनावी सामग्री ले जाने से लेकर मतदान के बाद वापस लेकर आने तक जिला कंट्रोल रूम से नजर बनाई जा सके।
ऊनी वस्त्र पहने महिलाएं पहुंची
दीपावली के बाद जिले में ठंड ने दस्तक दे दी हैं, देर से अल सुबह तक ठंडी हवाएं चल रही है। गुरुवार को सुबह क्षेत्र के सभी कर्मचारियों को मतदान के लिए चुनावी सामग्री लेने के लिए धार बुलाया गया था। कॉलेज के बाहर बडी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए, जिसमें महिला व पुरुष सुबह के समय होने के कारण ऊनी वस्त्र पहने सामग्री लेने के लिए पहुंचे। इस मर्तबा चुनाव की पूरी बागडोर 8264 कर्मचारी संभालेंगे। कलेक्टर प्रियंका मिश्रा ने बताया कि 17 नवंबर को मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। सुबह 5.30 बजे माकपोल होगा। जिसके बाद पूरे दिन मतदान चलेगा।
साथ ही कलेक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस यज्ञ को सफल बनाने की अपील की। वहीं, शेष बची विधानसभा मनावर, कुक्षी, गंधवानी, सरदारपुर, बदनावर और धरमपुरी में स्थानीय स्तर पर यह व्यवस्था की गई है। वहीं मतदान के बाद देर शाम सभी ईवीएम पीजी कॉलेज धार में बने स्ट्रॉन्ग रूम में जमा होगी।
399 मतदान केंद्र संवेदनशील
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 1879 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इनमें से 399 मतदान केंद्र संवेदनशील है। साथ ही करीब 50 प्रतिशत बूथ पहली मर्तबा ऐसे होंगे, जहां पर तीसरी निगाह यानी वेब कास्टिंग के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर से लेकर बिजली, पानी व शौचालय जैसी सुविधाएं भी रहेगी। जिले में 14 मतदान केंद्र ऐसे बनाए गए हैं, जो पूर्ण रूप से दिव्यांग कर्मचारी द्वारा संचालित किया जाएंगे।