पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रेत का अवैध उत्खनन और उसमें जिला प्रशासन की भूमिका एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार अवैध उत्खनन पर कार्रवाई न करने को लेकर जिला प्रशासन पर गुनोर विधानसभा से भाजपा विधायक राजेश वर्मा ने सवाल उठाए हैं।
उन्होंने एक वीडियो जारी कर पन्ना कलेक्टर सहित जिला प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि मैंने कलेक्टर से रेत के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया था। उन्हें मैने ओवरलोड ट्रकों की फोटो भी भेजी थी। बावजूद उसके कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं अगर कार्रवाई नहीं करेंगे तो इस विषय पर वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
जानकारी के अनुसार पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र से निकलने वाली केन नदी में पन्ना और छतरपुर की सीमा पर रेत का अवैध कारोबार बीते तीन-चार महीने से धड़ल्ले से चल रहा है। जिसमें पन्ना की सीमा में यूपी व पन्ना के रेत माफिया शामिल होकर नदी से रेत का अवैध उत्खनन बगैर सरकारी परमिशन के कर रहे हैं।
इस विषय पर अब भारतीय जनता पार्टी के गुनौर विधानसभा से विधायक राजेश वर्मा ने एक वीडियो जारी कर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वह 15 दिन पहले चित्रकूट से वापस लौट रहे थे, कि उन्हें अजयगढ़ घाटी में दो तीन ट्रैक रेत से भरे ओवरलोड दिखाई दिए।
जिसकी फोटो व वीडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट किए। पन्ना कलेक्टर को पोस्ट कर कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए अब इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से बात करूंगा।