देवास। विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत शिविर लगाए जा रहे हैं, जिसका लाभ हर पात्र हितग्राही को उठाना चाहिए।यह बात वार्ड क्रमांक-2 में विकसित भारत संकल्प यात्रा के द्वितीय चरण के शुभारंभ अवसर पर वार्ड 2, 3 एवं 4 के रहवासियों के लिए आयोजित शिविर में विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने कही। उन्होंने कहा, कि देवास का वार्ड नंबर-2 नया था। उस समय यहां रोड नहीं थी, नालियां नहीं थी, बिजली की उचित तरीके से व्यवस्था नहीं थी। इसे विकसित बनाने का कार्य हुआ है। अब वार्ड में नई-नई सड़कें बनाई जा चुकी है। वार्डवासियों को आवाजाही में सुविधा मिली है। अन्य सड़कों का भी निर्माण हो रहा है। विकास में किसी तरह की कसर बाकी नहीं रखेंगे। मेरा आप सभी से आग्रह है कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने जीवन को सुगम बनाएं।महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने भी संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा, कि मोदीजी द्वारा इतनी सारी जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, कि लगभग सभी परिवारों में किसी न किसी योजना का लाभ अवश्य मिल रहा है। आप सभी से आग्रह है कि जो पात्र हितग्राही है, उन्हें भी योजनाओं का लाभ दिलाएं। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर निगम प्रधानमंत्री स्वनिधि, दीनदयाल अंत्योदय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्रों का वितरण अतिथियों ने किया। हॉकी के खिलाड़ियों ने वैन में अपने खेल का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में नगर निगम, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के शिविर भी लगाए गए। बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने उपस्थित रहकर योजनाओं का लाभ उठाया। इस अवसर आयुक्त रजनीश कसेरा, पार्षद प्रतिनिधि विनय सांगते, निगम लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह बैस, पार्षद प्रतिनिधि बाबू यादव, भाजपा नेता विपुल अग्रवाल,सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।