भोपाल। विधानसभा के बुधवार से शुरू हो रहे बजट सत्र में भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार करने कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान हरदा की घटना पर सरकार को घेरने की रणनीति तय की गई थी। नियम 139 के तहत सत्र के दौरान हरदा की घटना को लेकर चर्चा कराए जाने को लेकर वरिष्ठ विधायक रामनिवास रावत, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और आरिफ मसूद ने विधानसभा को सूचना दी है।
विधायक दल की 2.30 घंटे तक चली बैठक में तय हुआ कि सभी विधायक किसान, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेंगे। बैठक में यह तय किया गया कि एकजुटता के साथ जनकल्याण के मुद्दों को उठाया जाए। सभी विधायक सदन में मौजूद रहें। बैठक में पहले हरदा में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
जितेंद्र सिंह बोले, जो निष्क्रिय हैं उन्हें हटाओ, बहुत समय दे दिया
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में संगठन की मजबूती और बूथ पर फोकस करने को कहा गया। मध्यप्रदेश कांग्रेस के इंचार्ज जनरल सेक्रेटरी भंवर जितेंद्र सिंह ने साफतौर पर कहा कि ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर में जो निष्क्रय हैं, उन्हें हटाओ, बहुत समय दे दिया।
कैंडिडेट के बारे में लोकसभा के ऑब्जर्वर से चर्चा कर ली जाएगी, अभी यहां कोई बात नहीं होगी। 15 से 20 तारीख के बीच जिलाध्यक्ष लोकसभा कार्यालय खोल लें और काम शुरू कर दें। बड़े नेताओं को बूथ की जिम्मेदारी, संगठन में खाली पद हफ्तेभर में भरे जाने को कहा गया। बूथ की मजबूती पर खास ध्यान दिया जाए।
कमलनाथ बोले- छिंदवाड़ा से नकुल ही लड़ेंगे चुनाव
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा से सांसद नकुलनाथ ही आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। जैसे ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) नाम घोषित करती है छिंदवाड़ा से नकुलनाथ उम्मीदवार होंगे।
नाथ बुधवार को सुबह छिंदवाड़ा में इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। नाथ से जब यह पूछा गया कि क्या नकुलनाथ कांग्रेस से ही चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने इस सवाल के जवाब में कहा कि मैं पहले ही कह चुका हूं कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। मैं हमेशा की तरह चुनाव प्रचार करूंगा।