दूदरसी। गांव दूदरसी में सामाजिक कार्यों के लिए सामुदायिक भवन नहीं होने से शादी का कार्यक्रम हो या कोई श्रृध्दांजलि का कार्यक्रम करने में काफी असुविधा महसूस की जा रही थी। जिसको लेकर सरपंच विमला बाई शंभुलाल मेघवाल ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांव दुदरसी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार से यह मांग की थी। विधायक परिहार ने तुरंत डोम निर्माण के लिए 15 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए थे और इस बात का भी स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि इस डोम निर्माण के बाद आपके गांव में शीघ्र ही सामुदायिक भवन भी बना दिया जाएगा। उसके लिए राशि भी अलग से जारी कर दी जाएगी। डोम निर्माण होने से गांव की 80 प्रतिशत आबादी जो मध्यमवर्गीय और गरीब है उन्हें मांगलिक कार्यक्रम करने में सहूलियत हो जाएगी। उन्हें किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत महसूस नहीं होगी।
इस डोम निर्माण के लिए भाजपा उत्तर मण्डल अध्यक्ष दीपक नागदा की भूमिका भी सराहनीय रही है। नागदा ने भी विधायक परिहार से मिलकर इस कार्य को करने के लिए अनुरोध किया था।
उक्त जानकारी सरपंच प्रतिनिधि शंभुलाल मेघवाल ने दी और बताया कि मेरी बहुत महत्वाकांक्षा थी कि इस गांव में सामुदायिक भवन बन जाए जिससे गरीब व्यक्तियों को मांगलिक कार्यक्रम करने में काफी सहूलियत हो जाए। इस कार्य के लिए विधायक परिहार ने राशि स्वीकृत कर दी है। इसके लिए मैं ग्राम वासियों की ओर से विधायक परिहार का स्वागत करता हूं और आभार व्यक्त करता हूं।