खरगोन। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में निकाली जा रही मातृशक्ति अखंडदीप श्रद्धा संवर्धन यात्रा मंगलवार को ग्राम करोंदिया पहुंची। सायं समय आगमन पर ग्रामवासियों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मातृ शक्ति द्वारा शांतिकुंज से आए शक्तिकलश एवं अखंडदीप का पूजन कर आरती उतारी गई।
रात्रि 8 बजे दीपयज्ञ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ कसरावद के पुरोहित रामजी पाटीदार ने ग्रामवासियों को शांतिकुंज का युग संदेश सुनाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को जीवन में भौतिक उन्नति के साथ ही आत्मिक उन्नति के लिए भी सदैव प्रयत्नशील रहना चाहिए। इसके लिए नियमित साधना, उपासना एवं आराधना का क्रम अपनाना चाहिए। आध्यात्मिक उन्नति के लिए उन्होंने उपस्थित माताओं-बहनों को नियमित गायत्री मंत्र का जप करने और बलिवैश्व यज्ञ का महत्व भी बताया।