सिंगोली। तहसील क्षैत्र के आदिवासी ग्राम बाणदा में लंबित तालाब निर्माण की कवायद एक बार फिर से शुरू हो गई है। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित होने वाले परिवारों की बैठक लेकर पुनर्स्थापन और सुविधाओं के बारे में चर्चा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाणदा बांध निर्माण के विरोध के चलते दो बार कार्य प्रभावित हुआ है। जबकि एक बार निर्माण अमले पर हुए पथराव के बाद कार्य बंद कर दिया गया था। प्रशासन की समझाइश के बावजूद लोगों ने काम नहीं होने दिया तथा जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों की मांग है कि बिना सुविधा और पुनर्स्थापन के वे बांध का निर्माण नहीं होने देंगे। हालांकि प्रशासन पूर्ण सुविधाओं और बुनियादी जरूरतों के साथ पुनर्स्थापन का आश्वासन देता रहा है।
बुधवार को एक बार फिर प्रशासनिक अमला बाणदा पहुंचा जहां प्रभावित होने वाले परिवारों को विश्वास में लेते हुए उन्हें दी जाने वाली आवास और कृषि सुविधाओं सहित अन्य सभी सुविधाओं से अवगत कराया।
बैठक के दौरान एसडीएम राजकुमार हलधर, एसडीओपी निलेश्वरी डाबर, तहसीलदार राजेश सोनी, नायब तहसीलदार भगवान सिंह ठाकुर, रतनगढ़ टीआई गोरे, प्रभारी राजस्व निरीक्षक बालकिशन धाकड़, पटवारी प्रकाश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित थे।