मंदसौर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार यादव ने निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक कर जानकारी दी।
बैठक के दौरान उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के अंतर्गत फोटो युक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत मंदसौर जिले की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 10 लाख 40 हजार 90 मतदाता के नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हैं। प्रारूप 6 में 11 हजार 951 नवीन नाम जोड़े गए हैं। वहीं 6 हजार 708 नाम मतदाता सूची से हटाए गए एवं 7845 आवेदन नाम में संशोधन के लिए प्राप्त हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार मंदसौर विधानसभा में 3576 , मल्हारगढ़ विधानसभा में 2069, सुवासरा विधानसभा में 3259 एवं गरोठ विधानसभा में 3047 नए नाम जोड़े गए।
बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य ऑनलाइन माध्यम से लगातार चल रहा है। ऐसे युवा मतदाता जिन्होंने अपना नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़वाया है। वे अपना नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन इस लिंक https://voters.eci.gov.in/login के माध्यम से कर सकते हैं। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह चौहान, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद थे।