खरगोन । जिले के झिरन्या क्षेत्र में दो दोस्तों के बीच शराब पीने की लगी शर्त जानलेवा साबित हुई। अधिक शराब पीने से एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि नगर के एक युवक के उकसावे में यह शर्त लगाई गई थी। जिला अस्पताल में पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार झिरन्या निवासी दिनेश गंगाराम पंवार की अधिक शराब सेवन से मौत हो गई। परिजन लच्छीराम ने बताया दिनेश पशु चिकित्सक होकर निजी क्लिनिक चलाता था। गुरुवार सुबह 8 बजे नगर के ही एक ढाबे पर अरुण ओर दिनेश के बीच 5 क्वार्टर शराब पीने की शर्त लगी थी। दोनों की शराब पीने से तबियत बिगड़ने पर एम्बुलेंस से अस्पताल ले गए। जहां अरुण की हालत में सुधार है। जबकि दिनेश की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया नगर के एक युवक ने 500 रुपये देने की शर्त लगाई थी, जिससे यह घटना हुई है। मामले में पुलिस जांच में जुटी है।