खरगोन। एक न्यूज़ चैनल के डायरेक्टर वारिस खान के विरुद्ध झूठी एफआईआर दर्ज करने के विरोध में भारतीय पत्रकार संघ कसरावद के पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञात हो कि थाना कोतवाली खंडवा में न्यूज़ चैनल के डायरेक्टर वारिस खान के विरुद्ध खंडवा के कॉलोनाइजर द्वारा दुर्भावना से ग्रस्त होकर प्रकरण दर्ज करवाया गया था और पुलिस द्वारा भी तत्परता दिखाते हुए बिना जांच के एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। इसके विरोध में आज कसरावद भारतीय पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर इस दुर्भावनापूर्ण हुई कार्रवाई का विरोध किया।
भारतीय पत्रकार संघ तहसील अध्यक्ष अबरार पठान ने बताया कि इस तरह बिना जांच किए एफआईआर दर्ज करने से पत्रकारों का मनोबल टूटेगा और वह निष्पक्ष तरीके से कार्य नहीं कर पाएगा। वहीं वरिष्ठ पत्रकार आकील खान द्वारा बताया गया कि पत्रकार आमजन की आवाज है तथा आम जन की समस्या उठाना इनका मुख्य कार्य है। इस तरह के प्रकरण से कहीं ना कहीं पत्रकारिता को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ऐसे प्रकरणों को संज्ञान में ले और झूठी शिकायतों को निरस्त करें। अन्यथा पत्रकार भयभीत रहेंगे और अवैध गतिविधियां करने वालों के हौंसले बुलंद होंगे और पैसे के दम पर लोग पत्रकारों को दबाने का प्रयास करते रहेंगे।