सिंगोली। कोटा राजस्थान के प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व जोन मुकुंदरा से गुरुवार रात भटका एक टाइगर मध्यप्रदेश के सिंगोली वन क्षेत्र में पहुंच गया है।
इस बाबत क्षेत्र के वन अधिकारियों ने लोगों को सर्तक रहने और पर्वत श्रेणी की तराई की ओर वन क्षेत्र न जाने की सलाह दी है। हालांकि दोनों राज्यों का वन अमला टाइगर की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है। वन विभाग के मुताबिक टाइगर सिंगोली तहसील क्षेत्र की पर्वतीय तराई में माला देवी, चक सोड़ीजर, बड़ी, कवई, नयागांव कातर और अरनिया के जंगल से होते हुए राजस्थान की ओर बढ़ रहा है।
शुक्रवार देर रात मिली जानकारी के मुताबिक वन अधिकारियों ने माना है कि शुक्रवार देर शाम टाइगर के मेंडकेश्वर महादेव के रास्ते राजस्थान सीमा में प्रवेश करने के संकेत मिले है। हालांकि स्थिति साफ नहीं होने से पर्वत श्रेणी की तराई वाले गांवों के लोगों को आगाह किया गया है कि वे अपने घरों में रहे। जंगल की ओर जिसके भी खेत है वे फिलहाल खेत पर न जाए।
अगर खेत पर जाना जरूरी हो तो बहुत ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। वन विभाग की इस चेतावनी के बाद पर्वतीय तराई के नजदीक वाले गांव के लोगों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीण इकबाल मंसूरी ने बताया कि गांवों में वन विभाग की चेतावनी के बाद से लोगों में टाइगर को लेकर दहशत है, ऐसे हालात में महिलाओं और बच्चों को खेतों पर जाने से रोका गया है।