गुना। जिला कांग्रेस कमेटी और नगरपालिका परिषद गुना के पार्षदों ने आमजन की समस्याओं को लेकर धरना दिया, प्रदर्शन किया और पैदल मार्च निकाला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ की अगुवाई में किए गए प्रदर्शन के बाद नपा नेताप्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ के संयोजन में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी है कि अगर एक तय सीमा में आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सरकार को याद दिलाया गया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के तहत गली-मोहल्लों में शिविर आयोजित किए थे। इस दौरान लोगों को आश्वासन दिया गया था कि अगर वह टैक्स की राशि जमा कर देंगे तो उन्हें पीएम आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। लेकिन दोबारा सरकार बनने के बाद भी भाजपा ने अपना वायदा पूरा नहीं किया है। प्रदर्शन के बाद ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसी अपने साथ कई हितग्राहियों को लेकर भी गए थे, जो पीएम आवास योजना की योग्यताओं को पूरा करते हैं, लेकिन सरकार द्वारा इसका लाभ नहीं दिया गया। इसके अलावा नगरपालिका गुना की उदासीनता को उजागर करते हुए कांग्रेसी पार्षदों ने शहर विकास को दरकिनार करने का आरोप लगाया।