नीमच। बड़ी संख्या में नीमच जिले के अतिथि शिक्षक लामबंद होकर अतिथि शिक्षक पंचायत में हुई घोषणाओं के आदेश को लागू करने की मांग करते हुए मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। अतिथि शिक्षकों ने अपनी प्रमुख लंबित मांगों और तात्कालिक समस्याओं के निराकरण को लेकर भी आवाज बुलंद की।
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अतिथि शिक्षक पंचायत में की गई घोषणाएं आज दिनांक तक लागू नहीं हो पाई है। उनकी मांग है कि विभागीय पात्रता परीक्षा आयोजित कर अतिथि शिक्षकों को नियमित शिक्षक बनाया जाए। अतिथि शिक्षकों का 6 माह से लंबित मानदेय तुरंत भुगतान किया जाए। शिक्षा विभाग में चल रहा है उच्च पद प्रभार और स्थानांतरण की प्रक्रिया से अतिथि शिक्षकों को बाहर नहीं किया जाए। जिन्हें बाहर कर दिया गया है उन्हें अन्य जगह समायोजित किया जाए। अतिथि शिक्षकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगे एक सप्ताह के भीतर नहीं मानी गई तो भोपाल में प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।