खरगोन। वसंत पंचमी पर शहर सहित जिले में शादियों की धूम रही। कई जगह सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। वहीं अन्य धार्मिक आयोजन भी हुए। शहर के आंनद नगर स्थित कपास मंडी में कहार मांझी समाज के सामूहिक विवाह समारोह में 104 जोड़ों तो धनगर भारुंड समाज ने 35 जोड़ों का विवाह दामखेड़ा नाग मन्दिर परिसर में संपन्न कराया गया। सभी जोड़ों को जनप्रतिनिधियों व कन्यादान योजना का लाभ देने के साथ ही समाजजनों ने भी उपहार स्वरूप गृहस्थी का सामान दिया। विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने भी आयोजनों में शामिल होकर वर- वधुओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार परिवार के मुखिया की भांति जिम्मेदारी निभा रही है। इन आयोजनों में प्रदेशभर के जोड़े ओर हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए।इसी तरही शहर से करीब 5 किमी दूर स्थित मेहरजा में राजपूत समाज के 9 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। विवाह आयोजनों के चलते दिनभर मेहमानों की आवाजाही बनी रही।