खरगोन। जिला खनिज अधिकारी सावन चौहान का जन्मदिन मंगलवार को सामाजिक सरोकार दिवस के रूप में मनाया गया। जैतापुर परसाई कालोनी स्थित रक्षा हॉस्पिटल में जिला अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में खनिज अधिकारी चौहान सहित खनिज एसोसिएशन से जुड़े रेत, गिट्टी खदानों के संचालको, कर्मचारियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
ब्लड बैंक प्रभारी सचिन चौहान ने बताया कि सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित शिविर में 80 यूनिट रक्तदान हुआ है। बड़े हाल में आयोजित शिविर के दौरान परिसर को गुब्बारों से सजाया गया था। परिसर में ही केक काटकर जन्मदिन की खुशी मनाई गई। अस्पताल यूनिट ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया।
खनिज अधिकारी चौहान ने बताया कि रक्त ऐसी चीज है जिसे बनाया नहीं जा सकता, लेकिन हमारे शरीर से दान कर दूसरों का जीवन जरूर बचा सकते हैं। मुझे खुशी है कि मेरे जन्मदिन पर मैंने खुद ओर मुझसे जुड़े लोगों ने आगे आकर रक्तदान किया है। यह रक्त किसी की जान बचाने के काम आएगा, जिससे उन मरीजों और उनके परिजनों की दुआएं और अशीष रक्तदाताओं के साथ-साथ मुझे भी मिलेंगी। उनकी दुआएं सभी रक्तदाताओं और मुझे नई ऊर्जा और ताकत देती रहेगी।