इंदौर। नगर निगम के जोन अध्यक्षों का चुनाव बुधवार 21 फरवरी यानी की आज है। शहर सीमा के सभी 22 जोन में अध्यक्ष चुने जाएंगे। चुनाव के लिए नगर निगम के सहायक आयुक्त, अधीक्षक यंत्री, यंत्री सहित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी बुधवार सुबह 10 से 12 बजे के बीच जोनल कार्यालयों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करवाएंगे। हाल ही में अस्तित्व में आए तीन नए जोन के अध्यक्षों का चुनाव अन्य जोन कार्यालयों पर होगा।
चुनाव को लेकर भाजपा कार्यालय पर संगठन की महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। मंत्री तुलसी सिलावट, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक मालिनी गौड़, एमआईसी सदस्य और पार्षद भी शामिल हैं।
बता दें कि इंदौर के किसी जोन में तीन तो किसी में चार वार्ड शामिल किए गए हैं। इन वाडों के पार्षद अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। वाडों को जोन में ऐसे शामिल किया गया है कि तय है कि सभी जोन में जोन अध्यक्ष भाजपा का ही होगा।
ऐसे होगी चुनाव प्रक्रिया
जोनलों में आने वाले वाडों के पार्षदों को जोन पर बुलाया जाएगा। बैठक के दौरान जोन अध्यक्ष का नाम तय होगा। फिर चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन फार्म की प्रक्रिया कराई जाएगी। पार्षदों की बैठक के बाद नामांकन पत्र जमा किया जाएगा। नामांकन पत्र जमा होने के बाद जांच की जाएगी। आज ही नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।
यह अधिकारी पूरी कराएंगे निर्वाचन प्रक्रिया
सहायक आयुक्त राजेंद्र यादव, अधीक्षक यंत्री महेश शर्मा, कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संदीप पाटोदी, लखन शास्त्री, विवेक गंगराड़े, राजेश जायसवाल, सुमित अस्थाना, जितेंद्र जमींदार, मनोज जैन, सुनील गुप्ता, देवानंद पाटिल, डा. उत्तम यादव, पीसी जैन, डा. अखिलेश उपाध्याय, राकेश सराफ, डीआर लोधी को अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।